Connect with us

उत्तराखंड

*नैनीताल में विकास को मिली नई रफ्तार, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताया मुख्यमंत्री का आभार*

 नैनीताल नगर में हाल ही में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा आभार व्यक्त किया गया। शनिवार को भाजपा नैनीताल मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नगर को विकास की एक नई दिशा मिली है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी द्वारा नैनीताल की प्राथमिकताओं को समझते हुए जिस तत्परता से विकास कार्य कराए गए, वह न केवल सराहनीय हैं बल्कि अन्य पर्वतीय नगरों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यकर्ताओं ने आंतरिक मार्गों की मरम्मत, चौड़ीकरण और नई सड़कों के निर्माण के लिए विशेष धन्यवाद प्रकट किया। उनका कहना था कि इससे न केवल स्थानीय नागरिकों को राहत मिली है, बल्कि पर्यटकों को भी नगर में बेहतर अनुभव प्राप्त हो रहा है।

मानस खंड निर्माण को कार्यकर्ताओं ने एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्य धार्मिक पर्यटन को नई गति देने वाला है और नैनीताल की आध्यात्मिक पहचान को सुदृढ़ करता है।

नगर में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या के समाधान हेतु किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा गया कि इससे यातायात व्यवस्था सुचारु हुई है और स्थानीय नागरिकों तथा पर्यटकों दोनों को सुविधा मिली है।

नगर सौंदर्यीकरण के अंतर्गत झील क्षेत्र, प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों के विकास से नैनीताल की छवि और अधिक आकर्षक बनी है। यह कार्य स्थानीय निवासियों के लिए भी गर्व का विषय बताया गया।

कार्यकर्ताओं ने इस विकास के मूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “विकसित भारत” की परिकल्पना और “पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था” के विज़न को बताया। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के अंतर्गत मुख्यमंत्री धामी ने इसे धरातल पर उतारा है।

नगर के व्यापारी वर्ग, होटल व्यवसायी, आम नागरिक, युवा, मातृशक्ति और वरिष्ठ जनों की ओर से मुख्यमंत्री को कोटिशः आभार प्रकट किया गया। इस अवसर पर मोहित आर्या, मनोज जोशी, विकास जोशी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखंड