Connect with us

उत्तराखंड

*विकसित भारत का सपना साकार करने में जुटा उत्तराखंडः सीएम धामी*

Ad

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में हुए व्यापक परिवर्तन और ऐतिहासिक उपलब्धियों को साझा किया।

सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी का 11 साल का कार्यकाल देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है और विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब दिल्ली से भेजा गया एक-एक रुपया बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचता है। यह डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर प्रणाली की सफलता है।

सीएम धामी ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में 27 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। अटल आयुष्मान योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिली है। महिलाओं के लिए चलाई गई योजनाओं ने उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल अपने देश की रक्षा कर रहा है, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर आतंकियों को उनके ठिकानों पर जाकर खत्म भी कर रहा है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे अभियानों का उदाहरण देते हुए कहा कि आज भारत केवल शांति की बात नहीं करता, बल्कि आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्यवाही भी करता है।

भारत आज न केवल रक्षा उपकरण बना रहा है, बल्कि उनका निर्यात भी कर रहा है, जिससे देश आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा चुका है।

सड़क, रेल और हवाई संपर्क में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। उत्तराखंड में भी कई नई हवाई सेवाएं शुरू हुई हैं, जिससे पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिला है।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने के लिए उत्तराखंड को भी हर क्षेत्र में विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में जितना विकास हुआ है, उसे गिनाने में कई दिन लग सकते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी प्रेस वार्ता में मौजूद रहे और उन्होंने भी मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाने की बात कही।

Ad
Continue Reading
You may also like...

More in उत्तराखंड