इवेंट
*हल्द्वानी में गूंजेगा अंतरिक्ष का स्वर, यूनिवर्सल स्कूल में मनेगा द्वितीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस*
हल्द्वानी: भारत सरकार द्वारा घोषित राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर यूनिवर्सल सीनियर सेकेंडरी कॉन्वेंट स्कूल, हल्द्वानी में 23 अगस्त को द्वितीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय संचार ब्यूरो, नैनीताल के सहयोग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम से पूर्व स्कूल में विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें भाषण, गीत और चित्रकला प्रतियोगिता शामिल रहीं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने अंतरिक्ष विज्ञान को लेकर अपने विचारों, कल्पनाओं और जिज्ञासाओं को अभिव्यक्ति दी।
भाषण प्रतियोगिता का मूल्यांकन श्रद्धा गुरुरानी तिवारी और डॉ. दीपा जोशी, गायन प्रतियोगिता का निर्णय गोपेश बिष्ट और शोभा चारक, जबकि चित्रकला का मूल्यांकन भास्कर जोशी और शर्मिष्ठा बिष्ट द्वारा किया गया।
आयोजन के मुख्य आकर्षण होंगे प्रसिद्ध खगोल वैज्ञानिक और ‘कौन बनेगा करोड़पति’ फेम डॉ. मोहित जोशी, जो छात्रों के साथ भारत की अंतरिक्ष यात्रा और वैज्ञानिक उपलब्धियों पर संवाद करेंगे। उनके साथ डॉ. नवल लोहनी भी उपस्थित रहेंगे, जो भौतिकी के माध्यम से अंतरिक्ष के रहस्यों और भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों पर विशेष प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम संयोजक आनंद बिष्ट ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों में विज्ञान और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के प्रति रूचि और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना है।
इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शंकर कोरंगा (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री), अति विशिष्ट अतिथि अनिल डब्बू, तथा विशिष्ट अतिथि प्रियंका जोशी उपस्थित रहेंगे। क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नीरज भट्ट ने जानकारी दी कि प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को और भी रंगारंग और प्रेरणादायक बनाया जाएगा।
भारत सरकार ने 23 अगस्त 2023 को उस ऐतिहासिक दिन के रूप में घोषित किया, जब ISRO का चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा। इस मिशन ने भारत को उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल कर दिया, जिन्होंने चाँद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग की है। इस दिन का उद्देश्य छात्रों और युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और नवाचार की सोच को प्रोत्साहित करना है।



