इवेंट
*आर्यभट्ट से गगनयान तक थीम पर वैज्ञानिक सोच की उड़ान, विद्यार्थी रहे केंद्र बिंदु*
हल्द्वानी। यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी में शनिवार को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 2025 का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से सम्पन्न हुआ। इस वर्ष की थीम थी “आर्यभट्ट से गगनयान तक: प्राचीन ज्ञान से अनंत संभावनाओं की ओर”, जो भारत की अंतरिक्ष यात्रा की समृद्ध विरासत और भविष्य की संभावनाओं को उजागर करती है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री शंकर कोरंगा तथा विशिष्ट अतिथि मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर ‘डब्बू’ रहे। एरीज नैनीताल के वैज्ञानिक डॉ. मोहित जोशी और प्रोफेसर डॉ. नवल लोहनी ने विद्यार्थियों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों और वैज्ञानिक नवाचारों की जानकारी दी।
पीसीएस अधिकारी प्रियंका जोशी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज के हर वर्ग में वैज्ञानिक सोच के प्रसार में सहायक होते हैं और राष्ट्रीय उपलब्धियों की सही जानकारी जनसामान्य तक पहुँचाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग, भाषण, एकल गायन और प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पोस्टर प्रतियोगिता में छाया, अब्दुल अहद, ओवैस, दिव्यांशी और अंकिता विजेता रहे। एकल गीत प्रतियोगिता में आदित्य, योगिता, वैभव, विधि और कार्तिक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता के विजेता रहे साक्षी, रिया, देवेश और योगिता।
मुख्य अतिथि शंकर कोरंगा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अनुसंधान में रुचि लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन श्रद्धा गुरुरानी तिवारी ने किया, जबकि नोडल अधिकारी आनंद बिष्ट ने सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में शोभा चारक ने केंद्रीय संचार ब्यूरो नैनीताल द्वारा निर्मित स्वागत गीत पर आकर्षक प्रस्तुति दी, और शर्मिष्ठा बिष्ट ने मधुर गायन से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में कुमाऊं सांस्कृतिक कला उत्थान समिति के कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने आयोजन को और भी यादगार बना दिया।



