उत्तराखंड
*रोडवेज कर्मियों ने बैठक में इन समस्याओं पर की चर्चा, प्रबंधन के प्रति जताया आक्रोश*
हल्द्वानी। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन कुमाऊं क्षेत्र (नैनीताल परिक्षेत्र) की बैठक सोमवार को यूनियन के कैंप कार्यालय हल्द्वानी स्टेशन में हुई। जिसमें रानीखेत, अल्मोड़ा, बागेश्वर, भवाली, रुद्रपुर, काशीपुर, रामनगर, हल्द्वानी, काठगोदाम, प्रशासनिक शाखा काठगोदाम के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया और जमकर नारेबाजी की।
बैठक में कर्मचारियों ने परिवहन निगम में एजेंसी प्रथा के माध्यम से चालक परिचालकों की भर्ती का विरोध किया। साथ ही परिवहन निगम मै अनुबंध में लगाई गई बसों के स्थान पर निगम की बसें लगाने की मांग रखी। कहा कि परिवहन निगम में कार्यरत विशेष श्रेणी, संविदा, चालक-परिचालकों-कार्यशाला कर्मचारियों और मृतक आश्रितों को नियमित नियुक्ति दी जाए। कुमाऊं मंडल में पर्वती मार्गों पर चल रही अनुबंध बसों को तत्काल बंद कर उनके स्थान पर निगम की बसें लगाई जाएं। कर्मचारियों का कहना था कि पर्वतीय मार्गों पूर्व के बंद पड़े मार्गों पर परिवहन निगम की सेवाएं संचालित की जाएं। साथ ही नैनीताल बस स्टेशन पर गार्ड में पीआरडी जवानों की नियुक्ति करने के साथ ही कुमाऊं मंडल में परिचालक से लिपिक और कार्यालय सहायक द्वितीय की पदोन्नति की जाए।
उनका कहना था कि कल पुर्जों के अभाव में प्रत्येक डिपो में बसें खड़ी हैं। लिहाजा कुमाऊं मंडल के सभी डिपो में स्पेयर पार्टस की आपूर्ति की जाए। इतना ही नहीं नैनीताल मंडल के समस्त कर्मचारियों की गोपनीय प्रविष्टि को तत्काल भेजा जाय। कहा कि कई डिपो में ईएसआई कार्ड अभी तक नहीं बने हैं और विशेष श्रेणी कर्मचारियों के परिचय पत् भी शीघ्र बनाये जाये। कर्मचारियों ने -कई डिपो में भवन जीर्ण-शीर्ण हालत में होने पर भी रोष जताया। कहा कि इससे कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। निर्णय लिया कि इन समस्याओं के संबंध में जल्द ही मंडलीय महाप्रबंधक से वार्ता की जायेगी। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष दयाल जोशी और संचालन क्षेत्रीय मंत्री गोपेश्वर श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष कमल पपनै, प्रांतीय उपाध्यक्ष एलडी पालीवाल, प्रांतीय संयुक्त मंत्री रघुवीर चौधरी, प्रदीप शर्मा, ललित प्रसाद, अख़्तर चौधरी, इकबाल अहमद, मनोज भट्ट, कमल धामा, जयप्रकाश यादव, ईश्वर सिंह, नवीन लोहनी, सोना राम, राजू यादव, दिनेश दुम्का समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।







