उत्तराखंड
*यहां थम नहीं रहे सड़क हादसे, एक हफ्ते पहले दस लोगों की हुई थी मौत, अब कार गिरने से दो और लोगों की गई जान*
पिथौरागढ़। यहां एक और सड़क हादसा हो गया। बताया जाता है कि दुर्घटनास्थल पहले की जगह ही है। जहां एक सप्ताह पहले बोलेरो के खाई में गिरने से दस लोगों की जान चली गई थी। इसी स्थान पर मंगलवार को एक कार खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत होना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह पिथौरागढ़ के होकरा में एक कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में मृतक खुशाल सिंह 45 वर्ष और यमुना 35 वर्ष बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील के सिरी गांव निवासी थे। मंगलवार की सुबह भी इसी सड़क से अल्टो कार जा रही थी। जिस दौरान वह हादसे का शिकार हो गई। सूचना मिलते ही नाचनी थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई है।
वहीं, मौके पर भारी भीड़ जुट गई। होकरा गांव के प्रधान पति पूरन सिंह ने बताया कि कार दुर्घटना में मृतक खुशाल सिंह और यमुना बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील के सिरी गांव निवासी थे। बताया जा रहा है कि दोनों विवाहित थे और उनका प्रेम प्रसंग चल रहा था। तीन दिन से दोनों लापता थे। महिला के परिजनों की ओर से कपकोट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बताया यह भी जा रहा है कि हादसा उसी जगह पर हुआ जहां बीते हफ्ते एक कार दुर्घटना में बागेश्वर के शाम भनार निवासी 10 लोगों की मौत हो गई थी। उस दर्दनाक हादसे के बाद पीएमजीएसवाई ने इस बदहाल सड़क को चौपहिया वाहनों के लिए प्रतिबंधित किया था। इसके बावजूद लोग यहां से वाहन ले जा रहे हैं।







