Connect with us

इवेंट

*श्री नंदा देवी महोत्सव 2025 की तैयारियाँ शुरू, मातृ शक्ति के साथ बैठक में बनी भव्य आयोजन की रूपरेखा*

नैनीताल। ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव के 123वें वर्ष के उपलक्ष्य में सोमवार को श्री राम सेवक सभा भवन में मातृ शक्ति के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मनोज साह ने की, जबकि संचालन जगदीश बावड़ी एवं प्रो. ललित तिवारी द्वारा किया गया।

सभा के महासचिव ने जानकारी दी कि श्री नंदा देवी महोत्सव का उद्घाटन 28 अगस्त 2025 को दोपहर 2 बजे सभा भवन में होगा। इसके बाद 5 सितंबर को पारंपरिक डोला भ्रमण का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव पूर्णतः पारंपरिक व सांस्कृतिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होगा।

बैठक में विधायक श्रीमती सरिता आर्य ने कहा कि मातृ शक्ति का उत्तराखंड की संस्कृति को संजोने में विशेष योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा श्री नंदा देवी महोत्सव को A ग्रेड मेला घोषित किया गया है और उन्होंने आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने कहा कि यह महोत्सव पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी भव्यता के साथ मनाया जाएगा। बैठक को पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी व जीत सिंह आनंद ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर वर्ष 2025 के नंदा देवी महोत्सव का पोस्टर भी मातृ शक्ति, विधायक और नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से जारी किया गया।

सभा ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए जन सहयोग की अपील की। बैठक की शुरुआत कैलाश जोशी और रुद्राक्ष वर्मा द्वारा “श्री नंदा-सुनंदा वंदना” से हुई। बैठक में कैलेंडर, पोस्टर और झंडे कार्यकर्ताओं को वितरित किए गए ताकि उन्हें घर-घर पहुंचाया जा सके।

बैठक में यह भी बताया गया कि 16 अगस्त को जन्माष्टमी के अवसर पर कृष्ण लीला और दही हांडी कार्यक्रम बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके लिए कदली का पवित्र वृक्ष टली मंगोली से लाया जाएगा।

ज्ञात हो कि नैनीताल में 1903 से श्री नंदा देवी महोत्सव का आयोजन होता आ रहा है और श्री राम सेवक सभा 1926 से यह परंपरा जन सहयोग से निभा रही है।

बैठक में बड़ी संख्या में मातृ शक्ति उपस्थित रही। प्रमुख उपस्थित लोगों में गिरीश जोशी, अशोक साह, बिमल चौधरी, विमल साह, राजेंद्र बिष्ट, डॉ. रेखा साह, आशीष बजाज, सभासद पूरन बिष्ट, लता दफौती, मुन्नी तिवारी, गजाला कमाल सहित अनेक सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यकर्ता शामिल रहे।

 

Ad Ad Ad

More in इवेंट