Connect with us

उत्तराखंड

*सोशल मीडिया में फेमस होने के लिए स्टंटबाजी करने वालों को पुलिस ने सिखाया सबक*

नैनीताल जिले में यातायात नियमों की अवहेलना करने और स्टंटबाजी करने वालों पर SSP प्रहलाद मीणा ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर फेमस होने की होड़ में स्टंटबाजी करने वाले युवकों को अब पुलिस से कड़ी सजा का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में, पुलिस ने स्टंटबाजों को पकड़कर थाने पहुंचाया, जहां उन्हें माफी मांगते हुए देखा गया। इसके अलावा, 540 लापरवाह चालकों पर कार्रवाई करते हुए 16 वाहनों को सीज किया गया और 2 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी वसूला गया।

SSP मीणा ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से सभी थाना प्रभारियों को कड़ी चेकिंग करने और अधिक से अधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उनके आदेश पर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की।

थाना मुखानी क्षेत्र में एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी कि एक वाहन में स्टंटबाजी की जा रही है। इस सूचना पर थानाध्यक्ष मुखानी ने आम्रपाली चौकी प्रभारी अवनीश मौर्य को त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। चौकी प्रभारी और उनकी टीम ने वाहन को बैरियर पर रोका, जिसमें चालक सलीम और उसके पांच साथियों द्वारा खतरनाक स्टंट किया जा रहा था। वाहन के कागजात भी नहीं थे। पुलिस ने वाहन को सीज कर लिया और सभी युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।

कालाढूंगी में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो बुलेट बाइक्स को रेट्रो साइलेंसर लगाकर पटाखे फोड़ते हुए पकड़ा। इस पर दोनों बाइक्स को सीज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।

पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। इस अभियान में 540 लापरवाह चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16 वाहनों को सीज किया गया, और 9 ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए गए।

नैनीताल पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और स्टंटबाजी से बचें। पुलिस का कहना है कि “ख़तरनाक स्टंट आपको अस्पताल और जेल दोनों भेज सकते हैं।” सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करना न केवल आपकी सुरक्षा, बल्कि अन्य सभी सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।

More in उत्तराखंड

Trending News