इवेंट
*स्व. चन्द्र लाल साह ‘ठुलघरिया’ की 102वीं जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि* *मशरूम यूनिट और प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र*
नैनीताल। सी.आर.एस.टी. इंटर कॉलेज, नैनीताल में विद्यालय के पूर्व प्रबंधक, समाजसेवी, पर्यावरणविद् व पर्वतारोही स्व. चन्द्र लाल साह ‘ठुलघरिया’ की 102वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आशीष नैथानी ने मशरूम उत्पादन यूनिट व फोटो प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ किया।
समारोह में मशरूम विशेषज्ञ एन.के. वर्मा ने उपस्थित जनसमूह को मशरूम उत्पादन की तकनीकी जानकारी दी और इसके माध्यम से स्वरोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला। विद्यालय प्रबंधक पद्मश्री अनूप साह ने छात्रों से स्कूल स्तर पर ही मशरूम उत्पादन अपनाने का आग्रह करते हुए इसे एक लाभकारी प्रयास बताया।
जयंती समारोह में ‘बुज्यू’ के नाम से लोकप्रिय स्व. चन्द्र लाल साह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। परिजनों ने दीप प्रज्ज्वलन कर उन्हें स्मरण किया। इस अवसर पर छात्रों द्वारा स्वागत गीत और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें प्राइमरी विंग के छात्रों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति आशीष नैथानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “बुजुर्गों का सम्मान हमारी संस्कृति का अहम हिस्सा है और उनकी स्मृति में आयोजित कार्यक्रमों से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने की। उन्होंने समारोह की सराहना करते हुए भविष्य में इसे और वृहद रूप में आयोजित करने की बात कही।
विशेष वक्ता के रूप में मौजूद इतिहासकार प्रो. शेखर पाठक ने स्व. चन्द्र लाल साह के बहुआयामी व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बुज्यू ने विद्यालय में पहली फिल्म सोसायटी व संगीत सभा की स्थापना की थी और स्काउट कमिश्नर के रूप में समाजसेवा से जुड़े रहे।
जेएनयू के सेवानिवृत्त प्रो. पुष्पेश पंत द्वारा भेजा गया संदेश पर्यावरणविद् विनोद पांडे ने पढ़ा, जिसमें बुज्यू के साथ बिताए गए संस्मरणों का उल्लेख किया गया।
इस अवसर पर मोबाइल फोटोग्राफी व यात्रा वृत्तांत प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
मोबाइल फोटोग्राफी में:
प्रथम पुरस्कार: दीपा आर्या (राष्ट्रीय शहीद सैनिक स्मारक विद्यापीठ, निशांत)
द्वितीय: मनीष कुमार (सी.आर.एस.टी. इंटर कॉलेज)
तृतीय: वैष्णवी (भा.श.सै.वि. नैनीताल)
सांत्वना पुरस्कार: मो. इमरान (निशांत)
यात्रा वृत्तांत में:
प्रथम: राफिया (मो.ला.सा.बा.वि. मंदिर)
द्वितीय: भावना तिवारी (भा.श.सै.वि.)
तृतीय: हया फातिमा (मो.ला.सा.बा. इंटर कॉलेज)
सांत्वना पुरस्कार: दिशा कत्यूरा, संजना बिष्ट
विशेष पर्यावरण पुरस्कार: संजना गैड़ा (भा.श.सै.वि.)
विशेष सम्मान
समाज सेवा, रक्षा सेवा, कृषि व कला क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को भी सम्मानित किया गया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता महेश लाल साह, ग्रुप कैप्टन (से.नि.) अच्युत, मशरूम विशेषज्ञ नवीन वर्मा, श्री अक्षोभ साह और फिल्म अभिनेता ललित तिवारी शामिल रहे।
कार्यक्रम में अनूप साह, विनोद पांडे, राजीव लोचन साह, गीता साह, सुधा साह, डॉ. गौरव भाकुनी, प्रभाकर जोशी, हिमांशु जोशी, रितेश साह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन डॉ. सोबन सिंह बिष्ट एवं अनुपम उपाध्याय ने किया।







