उत्तराखंड
*नैनीतालः न्यूनतम मजदूरी सलाहकार उप समिति में सदस्य बने मदन सिंह गैड़ा*
नैनीताल। श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी दरों के पुनरीक्षण के लिए न्यूनतम मजदूरी सलाहकार उप समिति का पुनर्गठन किया गया है। इस उप समिति में बिड़ला विद्या मंदिर नैनीताल में कार्यरत मदन सिंह गैड़ा को सदस्य बनाया गया है। श्रम सचिव पंकज पांडे द्वारा जारी किए गए आदेश के तहत, इस उप समिति का गठन किया गया है, जो राज्य सरकार को न्यूनतम मजदूरी दरों के संबंध में अपनी संस्तुति प्रस्तुत करेगी।
नए गठन में श्रम आयुक्त को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अपर श्रम आयुक्त को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा, सिडकुल ऊधमसिंह नगर के दीपक कुमार गोयल, कोटद्वार के विवेक चौहान, रुड़की के मनोज पुंडीर, चमोली के सुलेखा डबराल को इस उप समिति में प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया गया है।
इस पुनर्गठित उप समिति में श्रमिक प्रतिनिधि के तौर पर अल्मोड़ा की रेनू खोलिया, नैनीताल के मदन सिंह गैड़ा, नरेंद्र नगर के सुनील भंडारी और बागेश्वर के विशन दत्त भट्ट को शामिल किया गया है। यह उप समिति अब श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी दरों पर पुनः विचार करेगी और अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी।







