उत्तराखंड
*नैनीताल: ब्लॉक प्रमुख चुनाव में मिली-जुली तस्वीर, कहीं जीत का जश्न तो कहीं बवाल*
उत्तराखंड में जारी राजनीतिक हलचल के बीच नैनीताल जिले के विभिन्न ब्लॉकों में गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख और कनिष्ठ उप प्रमुख पदों के लिए चुनाव संपन्न हुए। अधिकांश क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण रहा, हालांकि कुछ स्थानों पर तनाव की स्थिति भी बनी रही।
हल्द्वानी ब्लॉक में मंजू गौड़ पहले ही निर्विरोध प्रमुख चुनी जा चुकी थीं। गुरुवार को हुए मतदान में वीरेंद्र सिंह मेहरा ने ज्येष्ठ उप प्रमुख और कमल सिंह भंडारी ने कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर जीत दर्ज की। चुनाव के दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।
रामनगर ब्लॉक में निर्दलीय प्रत्याशी मंजू नेगी ने भाजपा समर्थित हंसी जलाल को 7 वोटों से हराकर ब्लॉक प्रमुख का पद अपने नाम किया। साथ ही, संजय नेगी और मीना रावत क्रमशः ज्येष्ठ और कनिष्ठ उप प्रमुख चुने गए। परिणामों से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने धांधली के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया, वहीं जीत के बाद विजयी पक्ष ने जश्न मनाया और आतिशबाजी की।
भीमताल ब्लॉक में भाजपा प्रत्याशी और निवर्तमान प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने 28 वोटों से विजय प्राप्त कर लगातार दूसरी बार अपना पद बरकरार रखा। उन्होंने निर्दलीय हिमांशु पांडे को हराया, जिन्हें केवल 10 मत मिले।
धारी ब्लॉक में 22 वर्षीय भावना निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुनी गईं। इस ऐतिहासिक जीत के साथ वह उत्तराखंड की अब तक की सबसे कम उम्र की ब्लॉक प्रमुख बन गई हैं।
हालांकि अधिकतर ब्लॉकों में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए, बेतालघाट में फायरिंग की घटना ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।



