उत्तराखंड
*मिशन नव शिखर: बेहतर कानून व्यवस्था के लिए कुमायूँ में अभिनव कदम*
उत्तराखंड के कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक रिद्धम अग्रवाल के नेतृत्व में कुमायूँ पुलिस ने अपनी कार्यप्रणाली को और अधिक आधुनिक, सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए “मिशन नव शिखर: नई ऊँचाईयों की ओर” नामक अभिनव अभियान शुरू किया है। यह अभियान पुलिसिंग में नवाचार, अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा को नई दिशा देने का मील का पत्थर साबित होगा।
इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत परिक्षेत्र के सभी जनपद प्रभारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन अध्ययन, विश्लेषण और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया है। अधिकारी न केवल उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों, बल्कि आवश्यकतानुसार अन्य राज्यों तथा केंद्रीय एजेंसियों के नवाचारों का भी अध्ययन करेंगे। इस प्रक्रिया के अंतर्गत अगस्त के अंत तक प्रगति की समीक्षा और अक्टूबर तक व्यापक कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण होगा, जिसे पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के समक्ष एकीकृत प्रस्ताव के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
मिशन नव शिखर की प्रमुख कार्ययोजनाओं में शामिल हैं:
कैंची धाम में सुगम यातायात व्यवस्था: श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए तकनीक आधारित यातायात प्रबंधन, पार्किंग एवं भीड़ नियंत्रण के लिए नई रणनीतियाँ।
सड़क सुरक्षा और दुर्घटना रोकथाम: ब्लैक स्पॉट की पहचान, जागरूकता अभियानों और सख्त चेकिंग व्यवस्था।
फॉरेंसिक क्षमता सुदृढ़ीकरण: आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और विशेषज्ञ सहयोग से अपराध विवेचना को सटीक बनाना।
मादक पदार्थ तस्करी पर सख्त निगरानी: अंतरराज्यीय नेटवर्क पर कार्रवाई एवं युवाओं के लिए जनजागरूकता अभियान।
महिला एवं बाल अपराध रोकथाम: संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों के पुनर्वास पर जोर।
साइबर अपराध नियंत्रण: डिजिटल धोखाधड़ी और ऑनलाइन अपराधों पर निगरानी एवं जागरूकता।
ई-मोबाइल वैन से संवाद एवं जनजागरूकता: ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य विषयों पर संवाद।
सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा एवं सहयोग: अपराध नियंत्रण, सामाजिक भागीदारी और संवाद व्यवस्था सुदृढ़ करना।
दंगा नियंत्रण और UAPA मामलों की सख्ती से विवेचना।
वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा और सहायता।
CCTV नेटवर्किंग और आपदा प्रबंधन: निगरानी तंत्र को सशक्त बनाना एवं त्वरित राहत कार्य।
डिजिटल दस्तावेज सत्यापन एवं प्रशिक्षण: पारदर्शिता एवं नवीनतम कानूनों की समझ बढ़ाना।
आतंकवाद नियंत्रण और इंटेलिजेंस मजबूत करना।
पुलिस संसाधनों का डिजिटलीकरण और समीक्षा।
आदि कैलाश-मानसरोवर यात्रा की सुरक्षा और सुविधाओं में सुधार।
फायर हाइड्रेंट की स्थिति जांच और रखरखाव।
आईजी कुमायूँ श्रीमती रिद्धम अग्रवाल ने कहा,
“मिशन नव शिखर का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली में नवाचार लाना, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना और जनता के बीच पुलिस की विश्वसनीयता को नई ऊँचाइयों तक ले जाना है। यह अभियान हमारी पुलिसिंग में एक नया युग स्थापित करेगा।”



