इवेंट
*नैनीताल में मां नंदा देवी महोत्सव, सफाई व्यवस्था और सुरक्षा पर रहेगा फोकस, CCTV से होगी निगरानी*
नैनीताल। श्री राम सेवक सभा में सोमवार को आगामी मां नंदा देवी महोत्सव की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मनोज साह ने की, जबकि संचालन जगदीश बावड़ी और प्रो. ललित तिवारी ने किया। बैठक में नैनीताल के गणमान्य नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अहम सुझाव रखे।
बैठक के दौरान उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन की उपाध्यक्ष विमल चौधरी और नैनीताल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें मां नंदा-सुनंदा का चित्र और चुन्नी भेंट कर सभा ने आभार व्यक्त किया।
बैठक में विधायक सरिता आर्य ने कहा कि महोत्सव में मातृशक्ति की भागीदारी सराहनीय रही है और यह उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को उजागर करता है। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए स्वस्थ और सफल आयोजन की कामना की। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने बताया कि इस वर्ष सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सभी दुकानदारों को कूड़ा एकत्र करने हेतु कट्टे वितरित किए जाएंगे, जो होटल एसोसिएशन द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे।
यशपाल रावत ने जानकारी दी कि इस वर्ष महोत्सव के दौरान अमरूद, तेजपत्ता और चुराकी पौधे वितरित किए जाएंगे। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि डोला यात्रा के अंत में नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी द्वारा कूड़ा निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में जीत सिंह आनंद, बहादुर सिंह बिष्ट, अमरजीत सिंह, दिग्विजय सिंह, शैलेन्द्र मेलकानी, मंजू बिष्ट, प्रदीप जेठी, मनमोहन सिंह समेत कई अन्य वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। सभा ने निर्णय लिया कि इस वर्ष प्रसाद वितरण की व्यवस्थित योजना बनाई जाएगी और महोत्सव के दौरान सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
सभा ने 28 अगस्त से 5 सितंबर तक चलने वाले सभी कार्यक्रमों में आमजन को आमंत्रित किया है। विधायक सरिता आर्य ने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस महोत्सव में भाग लेंगे।
बैठक में विमल चौधरी, बिमल सह, राजेंद्र बिष्ट, केदार सिंह राठौर, खुशहाल सिंह कार्की, एडवोकेट मनोज साह, ललित साह, भुवन बिष्ट, भीम सिंह कार्की, देवेंद्र लाल साह, राजेंद्र लाल साह, दिनेश भट्ट, हरीश राणा, डॉ. मनोज बिष्ट, मोहित लाल साह, धर्मेंद्र शर्मा सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



