उत्तराखंड
*संयुक्त कर्मचारी महासंघ की चेतावनी- दोनों निगमों में इस दिन से शुरू होगा आंदोलन*
नैनीताल। संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुरूरानी ने कहा कि दोनों निगमों के कर्मचारी 3 जुलाई से निगम मुख्यालय देहरादून व निगम मुख्यालय नैनीताल में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि निगमों के कर्मचारियों ने चार धाम यात्रा व आदि कैलाश यात्रा दिन-रात मेहनत कर सफलतापूर्वक संचालन किया व निगम को लाभप्रद स्थिति में पहुंचाया। उन्होंने कहा कि निगम में विगत कई वर्षों से कर्मचारी संविदा, दैनिक वेतन, समान कार्य का समान वेतन के तहत कार्य कर रहे हैं। शासन स्तर पर कई बार समझौता हुआ जिस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय द्वारा भी नियमितीकरण में लगी रोक हटा दी गई है। सरकार द्वारा भी कैबिनेट में नियमितीकरण संबंधी प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। लेकिन अभी तक कार्मिक विभाग से नियमितीकरण संबंधी नियमावली नहीं निकली है। कई कर्मचारी संविदा में ही सेवानिवृत हो गए हैं। जिन्हें नियमितीकरण का लाभ नहीं मिल पाया। निगम के कर्मचारी सरकार के हर कार्य में अग्रिम पंक्ति में रहकर कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि निगम के कर्मचारी अब आंदोलन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए नियमितीकरण हेतु दवाव बनाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दोनों निगम में 1000 से ज्यादा कर्मचारी संविदा, दैनिक वेतन व समान कार्य के समान वेतन में कार्यरत हैं निगम की सभी इकाइयों का संचालन ज्यादातर इन्हीं कर्मचारियों से संचालित होता है। आंदोलन को सफल बनाने के लिए महामंत्री विजय पुरोहित कार्यकारी अध्यक्ष जोगिंदर लाल कार्यकारी अध्यक्ष संजय भट्ट कंचन चंदोला, पीतांबर दुमका, गौतम कुमार, रमेश कपकोटी अनिल जोशियाल सुरेश पवार जयपाल बिष्ट सहित पदाधिकारी कर्मचारी से संपर्क कर रहे हैं।







