इवेंट
*गुरु पूर्णिमा पर संगीत शिक्षक अमृत कुमार को ‘संगीत शिल्पी’ की मानद उपाधि*
भीमताल: लेक्स इंटरनेशनल स्कूल, भीमताल के संगीत शिक्षक अमृत कुमार को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आगरा में आयोजित 75वें गुरुजन सम्मान समारोह में ‘संगीत शिल्पी’ की मानद उपाधि से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें अनवरत संगीत सेवा, सृजनात्मक कार्यों और संगीत जगत को नई दिशा देने के लिए पंडित रघुनाथ तलेगांवकर फाउंडेशन ट्रस्ट एवं संगीत कला केंद्र, आगरा द्वारा दिया गया।
20 जुलाई, 2025 को ग्रैंड होटल आगरा कैंट में आयोजित इस समारोह में देश भर के नामी संगीतकार, साहित्यकार, शिक्षाविद् और कलाकार शामिल हुए, जिनका संगीत, साहित्य, शिक्षा, समाज, जनसंचार, नृत्य और वाणी के क्षेत्रों में विशेष योगदान रहा है। इसी कड़ी में श्री अमृत कुमार को संगीत के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार आगरा के प्रसिद्ध पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित चिकित्सक के हाथों प्रदान किया गया।
अमृत कुमार लखनऊ घराने की दोनों शैलियों — राजखानी वादन और सितार वादन के सिद्धहस्त कलाकार हैं। उन्होंने अपने पिता स्व. सुरेश कुमार से 35 वर्षों तक सितार की शिक्षा प्राप्त की है। बी.ए., विसारद, निपुण और एम.ए. की डिग्री धारक अमृत कुमार ने अब तक 150 से अधिक मंचों पर सितार वादन की प्रस्तुति दी है। पिछले 20 वर्षों से वे कई संगीत कार्यक्रमों में निर्णायक की भूमिका भी निभा रहे हैं।
अमृत कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में बिड़ला विद्या मंदिर नैनीताल, हिमालय माध्यमिक विद्यालय हल्द्वानी, द एक्सपोर्ट अकादमी रुद्रपुर में भी सेवा दी है। वर्तमान में वे लेक्स इंटरनेशनल स्कूल, भीमताल में संगीत विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं निदेशक एस.एस. नेगी ने अमृत कुमार को इस सम्मान के लिए बधाई देते हुए उनके संगीत क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही विद्यालय के प्रबंधक वर्ग, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी भी उनकी इस उपलब्धि पर गर्व और हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी।



