Connect with us

उत्तराखंड

*उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज और येलो चेतावनी जारी*

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ता नजर आ रहा है। बीते कुछ दिनों से राज्य के विभिन्न हिस्सों में हो रही लगातार बारिश के बीच मौसम विभाग ने भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जिलों के साथ-साथ चमोली और रुद्रप्रयाग में अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं तेज गरज, अकाशीय बिजली गिरने और भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। इसको लेकर विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

चंपावत, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने प्रशासन और स्थानीय नागरिकों से सावधानी बरतने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है।

राजधानी देहरादून में आज आंशिक से लेकर सामान्य रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में हल्की से मध्यम बारिश, और कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। साथ ही 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आस-पास रहने का अनुमान है।

बारिश के कारण कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढिकाला पर्यटन जोन में जामुन स्रोत नाला उफान पर आ गया, जिससे एक जिप्सी वाहन नाले में फंस गया। वहीं, चंपावत के पूर्णागिरि मार्ग पर बाटनागाढ़ बरसाती नाले के उफान पर आने से श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि ताजा मौसम अपडेट पर नजर रखें, नदियों और नालों के पास न जाएं, और बिजली गिरने या भारी बारिश की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।

More in उत्तराखंड

Trending News