उत्तराखंड
*इस इलाके में घर में आग से सामान हुआ स्वाहा, ग्रामीणों ने पाया काबू*
चमोली। यहां एक घर में भीषण आग लग गई। इससे सारा सामान स्वाहा हो गया। घटना के दौरान परिवार पड़ोसी के मकान में सो रहा था जिससे उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार उत्तरी कड़ाकोट पट्टी के कोथरा गांव में योगम्बर सिंह के मकान में अचानक आग लग गई। लोग मकान में रह रहे परिवार को बचाने के लिए आग बुझाने के प्रयास में जुट गए, लेकिन जब परिवार को सकुशल देखा पड़ोसी के यहां देखा तो लोगों ने राहत की सांस ली। घटना की रात को मकान मालिक योगम्बर सिंह पास के गांव सुनभी गया था। जिस वजह से उनकी पत्नी मंजू देवी अपने दो बच्चों के साथ पड़ोसी के घर सोने चली गई थी।
इसी वजह से उनकी जान बच गई। गांव वालों ने आग पर काबू पाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तब तक सबकुछ राख हो चुका था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल राजस्व पुलिस को दी। राजस्व उपनिरीक्षक रीता बिष्ट ने बताया कि वे मौके पर जाने के लिए रवाना हो गई हैं। ग्राम प्रधान वंदना नेगी ने इस आगजनी की घटना से बेघर हुए परिवार को तत्काल फौरी तौर पर मदद दिए जाने की मांग प्रशासन से की है।







