इवेंट
*नारी सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर*
कोटाबाग। आशा फाउंडेशन द्वारा लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के तहत आज कोटा बाग के राजकीय डिग्री कॉलेज में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कॉलेज की लगभग 70 छात्राएं, आसपास की महिलाएं और कॉलेज स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. नवीन भगत, डॉ. सुनीता बिष्ट और प्रोफेसर डॉ. सत्यानंद भगत ने आशा फाउंडेशन की अध्यक्ष आशा शर्मा का स्वागत और अभिनंदन किया।
आशा फाउंडेशन पिछले 5-6 वर्षों से महिलाओं में स्तन कैंसर, बच्चेदानी के कैंसर और नारी सशक्तिकरण के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए कार्यरत है। इस अभियान के तहत अब तक कुमाऊं मंडल और गढ़वाल मंडल के लगभग 40 गांवों, सरकारी स्कूलों और कॉलेजों तक यह मुहिम पहुंच चुकी है।
कार्यक्रम में अध्यक्ष आशा शर्मा ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी और उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। इसके साथ ही, उन्होंने फाउंडेशन द्वारा लड़कियों और महिलाओं को फ्री रियूजेबल सैनिटरी पैड्स बांटे, जिनकी जीवनकाल लगभग 2 से 2.5 साल है।
आशा फाउंडेशन न केवल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रही है, बल्कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने, पर्यावरण को बचाने और नशाखोरी के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चला रही है। अध्यक्ष आशा शर्मा का मानना है कि युवाओं को सही मार्ग पर मार्गदर्शन देने से एक स्वस्थ और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. नवीन भगत ने आशा फाउंडेशन द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की और उनका धन्यवाद किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लड़कियों और गांवों से आई महिलाओं ने भी इस पहल को सराहा और खुद का ख्याल रखने का वादा किया।
अध्यक्ष आशा शर्मा ने कार्यक्रम में कहा, “हमारी मुहिम खासकर युवाओं के लिए बहुत संजीदा है, क्योंकि भविष्य में समाज का नेतृत्व इन्हीं युवाओं के हाथों में होगा। अगर हमारी भावी पीढ़ी स्वस्थ और सही राह पर अग्रसर होगी, तो हम एक अच्छे परिवार और समाज की कल्पना कर सकते हैं। कार्यक्रम में आशा शर्मा के साथ बच्ची सिंह नेगी और योगेश भी उपस्थित थे।







