Connect with us

इवेंट

*नैनीताल में ठोस अपशिष्ट के प्रबंधन, समस्याओं और समाधान के तरीकों पर चर्चा*

Ad

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र द्वारा आयोजित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर आधारित कार्यशाला, “असेसमेंट ऑफ़ सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट बेस्ट प्रैक्टिसेज इन नैनीताल टाउन” का आयोजन सफलता पूर्वक किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य नैनीताल शहर में ठोस अपशिष्ट के प्रबंधन, उसकी समस्याओं और उसके समाधान के तरीकों पर चर्चा करना था।

कार्यशाला का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष डॉक्टर सरस्वती खेतवाल ने किया, जिन्होंने कहा कि नगरपालिका इस क्षेत्र में निरंतर प्रयास कर रही है और नागरिकों के विचारों और सुझावों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

इस कार्यशाला में नगर पालिका परिषद के प्रतिनिधि  विनोद सिंह जीना,  विपिन चंद, और  धर्मेंद्र प्रसाद ने नगर पालिका द्वारा कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों और कर्मचारियों के माध्यम से ठोस कचरा प्रबंधन पर अपने विचार रखे।

कार्यशाला के दूसरे सत्र में प्रोफेसर नंद गोपाल साहू ने ठोस कचरे के पुनर्चक्रण के विभिन्न तरीकों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार से प्लास्टिक, कपड़ा, लकड़ी, चमड़ा, धातु इत्यादि को पुनः उपयोग किया जा सकता है और कैसे कचरे की मात्रा को कम करने के लिए रीसायकलिंग के सिद्धांतों को लागू किया जा सकता है।

डॉक्टर रेनू बिष्ट ने स्वच्छता पर अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हुए इस क्षेत्र में किए गए उनके प्रयासों की चर्चा की। वहीं, डॉक्टर किरण तिवारी ने पूजा के सामान का पुनर्चक्रण और उपयोग की विधियों पर बात की, जैसे नारियल और फूलों से रंग बनाने के उपाय।

कार्यशाला में शोधार्थी समृद्धि बिष्ट ने संचालन किया और उपयुक्त मंच प्रदान किया। इस कार्यशाला में भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के प्रधानाचार्य  विशन सिंह मेहता, राष्ट्रीय सेवा योजना के पुरस्कार प्राप्तकर्ता डॉक्टर रेनू बिष्ट, राजेंद्र प्रसाद लॉ कॉलेज के छात्र-छात्राओं, डीएसबी परिसर के विद्यार्थियों, और अन्य विशेषज्ञों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए।

इस कार्यशाला के अंत में प्रोफेसर नीता बोरा शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया और कुमाऊं विश्वविद्यालय के  कुलपति का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्यशाला के आयोजन में समर्थन और प्रोत्साहन दिया।

 

कार्यशाला को प्रातः 10 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें ठोस कचरा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा की गई और इस क्षेत्र में बेहतर कार्यप्रणालियों को अपनाने के सुझाव दिए गए।

Ad

More in इवेंट

Trending News