Connect with us

उत्तराखंड

*अराजकतत्वों की फायरिंग से फैली दहशत, खेल रहे बच्चे हुए घायल*

उत्तराखंड में अराजक तत्वों के बीच वर्चस्व को लेकर जंग छिड़ गई। जिसमें दोनों ओर से फायर किए गए। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में पांच बच्चे छर्रे लगने से घायल हुए हैं। जिनका एसटीएच में उपचार चल रहा है।

दरअसल यह घटना ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर के वार्ड नंबर 22 स्थित टंकी मोहल्ले में सोमवार देर रात सामने आई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह वारदात देर शाम उस समय हुई जब मोहल्ले में वर्चस्व को लेकर लंबे समय से चल रहे दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद टकराव हिंसक रूप ले बैठा। देखते ही देखते दोनों ओर से तमंचे निकल आए और फायरिंग शुरू हो गई।

इसी दौरान घरों के बाहर खेल रहे बच्चे—हर्ष (7), निखिल (12), तनुज (8), ऋषभ (8) और गरिमा (7)—फायरिंग की चपेट में आ गए। गोलियों से निकले छर्रे उनके पैरों में लगे, जिससे वे घायल हो गए। आनन-फानन में परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायल हर्ष के पिता, गेंदन कोली, जो एक मिठाई की दुकान में काम करते हैं, ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे तुरंत घर पहुंचे और बच्चों को अस्पताल ले गए। उन्होंने कहा कि अगर गोली बच्चों के सिर या सीने में लगती, तो जानलेवा साबित हो सकती थी।

घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दोनों गुट लंबे समय से क्षेत्र में आतंक फैला रहे हैं और पुलिस लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं कर रही। पीड़ित परिजन ने बताया कि वे अस्पताल से लौटने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ पुलिस में तहरीर देंगे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मोहल्ले में गश्त बढ़ा दी गई है।

More in उत्तराखंड

Trending News