उत्तराखंड
*चंदन बिष्ट की फिल्म ‘बक्शो बोंडी’ का बर्लिन फिल्म महोत्सव में चयन*
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। बांग्ला फिल्म ‘बक्शो बोंडी’ (हिंदी में ‘बक्शो बंदी’) का चयन प्रतिष्ठित जर्मनी के बर्लिन अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की परिप्रेक्ष्य प्रतियोगिता में हुआ है। इस फिल्म में मुख्य किरदार निभाने वाले चौखुटिया के चंदन बिष्ट की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि उनके गृहनगर और क्षेत्रवासियों के लिए भी गर्व का क्षण है।
यह फिल्म बंगाली फिल्मकार तनुश्री दास और सौम्यानंद साही द्वारा निर्देशित की गई है और बैरकपुर (कलकत्ता) में फिल्माई गई है। फिल्म में चौखुटिया के तल्ली खत्याड़ी गांव के मूल निवासी चंदन बिष्ट ने प्रमुख भूमिका अदा की है।
चंदन ने इस सफलता के बारे में दूरभाष पर जानकारी देते हुए बताया कि फिल्म 16 फरवरी को बर्लिन में प्रदर्शित होगी और इस दौरान फिल्म के सभी कलाकार और निर्देशक मंडल भी जर्मनी में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 1988 में बुद्धदेव दासगुप्ता की फिल्म ‘फेरा’ ने बर्लिन अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में गोल्डन बियर के लिए प्रतिस्पर्धा की थी। अब, 37 साल बाद, बंगाली फिल्म ‘बक्शो बोंडी’ ने बर्लिन फिल्म फेस्टिवल के मुख्य प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई है, जो भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। चंदन बिष्ट की यह उपलब्धि क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय बनी हुई है, और उन्हें भविष्य में और अधिक सफलता की शुभकामनाएं दी जा रही हैं।







