Connect with us

उत्तराखंड

*बागेश्वर उपचुनावः कंट्रोल रूम को देनी होगी मतदान प्रारंभ होने की सूचना, बूथ में मोबाइल फोन प्रति‌बंधित*

बागेश्वर। उप चुनाव को लेकर डिग्री कॉलेज में पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय के साथ ही जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को मास्टर ट्रेनरों द्वारा अंतिम प्रशिक्षण दिया।

मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराधा पाल ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को सावधानी पूर्वक संपादित करें, निष्पक्ष व शालीन आचरण बनाये रखें। उन्होंने कहा कि प्रातः समय से मॉक पोल करायें और निर्धारित समय से मतदान कराना सुनिश्चित करेंगे। मतदान प्रारंभ होने की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देंगे तथा प्रत्येक दो घंटे में पोल की सूचना भी नियमित पोल समाप्ति तक देंगे। उन्होंने कहा कि मतदान की गोपनीयता बनाये रखें। बूथ के भीतर मोबाइल फोन पूर्णतः प्रतिबंधित होगा। प्रशिक्षण में मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी ने कहा कि पीठासीन अधिकारी हस्तपुस्तिका का भलीभांति अध्ययन कर लें। मतदान में पीठासीन अधिकारी व मतदान कार्मिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। मतदान में लगे सभी कर्मचारी कर्तव्यनिश्ठा एवं शालीनता से निर्वाचन कार्यो को संपन्न करायेंगे।

उन्होंने कहा निर्वाचन दिवस पर निर्धारित समय प्रातः सात बजे से मतदान प्रारंभ कराएंगे तथा इससे पूर्व मॉक पोल कराना अनिवार्य है। मतदान कर्मी टीम भावना से मिलजुल कर निर्वाचन कार्य करें। मतदान बूथ में पीठासीन अधिकारी अनुशासन बनाये रखे, शालीनता से व्यवहार करें, ताकि शांतिपूर्ण निर्बाध मतदान संपन्न हो सकें। रिटर्निंग ऑफिसर हरगिरि ने कहा सभी मतदान पार्टियां बूथ पर पहुंचने की सूचना अनिवार्य रूप से देेंगे और रात्रि विश्राम बूथ पर ही करना सुनिश्चित करेंगे। बूथ पर ही भोजन की व्यवस्था की गयी है। किसी का भी आतिथ्य स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि मॉक पोल करते हुए मतदान समय से प्रारंभ कराना सुनिश्चित करेंगे। मतदान की सूचना अपने सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही जिला कंट्रोल रूम को देंगे। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अपने सेक्टर मजिस्ट्रेट अथवा रिटर्निंग ऑफिसर को तत्काल बताएंगे, ताकि समस्या का समाधान शीघ्रता से हो सके।

उन्होंने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने सेक्टर में संचरण करेंगे और मतदान प्रारंभ होने के साथ ही प्रत्येक दो घंटे की मतदान सूचना संकलित कर कंट्रोल रूम व आरओ को बताएंगे। ब्रीफिंग के उपरांत मतदान कार्मिकों को मतदान सामग्री (थैला) व मानदेय भी वितरित किया गया, साथ ही मतदान सामग्री को उपलब्ध सूची से मिलान करने के निर्देश दिए गए।इधर कलेक्ट्रेट सभागार में सामान्य प्रेक्षक राजेश कुमार ने माइक्रो ऑब्जर्वरों की ब्रिफिंग की। उन्होंने कहा कि माईक्रो आब्जर्वर निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार मतदान प्रक्रिया को केवल आब्जर्वर करेंगे। मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं करेंगे। मतदान समाप्त होने के उपरांत अपनी रिपोर्ट नोडल अधिकारी को सौपना सुनिश्चित करेंगे। प्रशिक्षण में अपर जिलाधिकारी सीएस इमलाल, रिटर्निंग ऑफिसर हरगिरि, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश पोखरिया, नोडल अधिकारी प्रशिक्षण जीएस सौन, नोडल अधिकारी माइक्रो आब्जर्वर एनआर जौहरी, मास्टर ट्रेनर दीप जोशी, डॉ राजीव जोशी, नोडल खानपान मनोज बर्मन, बैरिकेडिंग रमेश चन्द्रा सहित सभी जोनल, सैक्टर मजिस्ट्रेट, मतदान कार्मिक उपिस्थत रहे।

More in उत्तराखंड

Trending News