Connect with us

उत्तराखंड

*सड़कें बंद, नाले उफान पर: नैनीताल में अलर्ट जारी, बचाव दल एक्टिव*

Ad

 उत्तराखंड में अगले 24 घंटों के भीतर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार, जनपद नैनीताल सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम बेहद खराब रहने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में तत्काल निगरानी व राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं।

जिलाधिकारी वंदना, जो जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष भी हैं, ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और पूरी तत्परता के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से PWD, PMGSY, NH और अन्य सड़क निर्माण एजेंसियों को आदेशित किया गया है कि बंद हुए मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोला जाए और यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखा जाए।

साथ ही, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी व ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत-बचाव कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थानों और पुलिस चौकियों को भी अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मार्गों में फंसे लोगों के लिए भोजन, आवास और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था प्रशासन द्वारा की जाएगी। सभी विद्यालयों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।

साथ ही उन्होंने कहा कि मॉनसून सीजन के दौरान कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपना मोबाइल फोन बंद नहीं रखेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संपर्क स्थापित किया जा सके।
आपदा संबंधी किसी भी सूचना या सहायता के लिए नागरिक 05942-231178 या टोल-फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा करने से पहले मार्गों की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। साथ ही, नदी-नालों, जलप्रवाह वाले स्थानों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।

एनएच-आल्मोड़ा मार्ग पर सोमवार सुबह एक विशालकाय पत्थर गिरने से यातायात अवरुद्ध हो गया था। सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम ने जेसीबी के माध्यम से मार्ग को शीघ्र खोल दिया।

हल्द्वानी नगर आयुक्त द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण जारी है। लाउडस्पीकर के माध्यम से गौला नदी और अन्य जलधाराओं के पास न जाने की जन-जागरूकता मुहिम चलाई जा रही है।

खैरना-बेतालघाट मार्ग पर मलबा आने की सूचना पर उपजिलाधिकारी मोनिका ने मौके का निरीक्षण किया और मार्ग को खुलवाने की कार्यवाही शुरू कर दी।

हल्द्वानी नगर निगम द्वारा चंबल पुल, रक्सिया और कलसिया नाला जैसे संवेदनशील स्थानों पर अनाउंसमेंट कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। चौफला चौराहा में नाले की सफाई भी की जा रही है।

उपजिलाधिकारी नवाजिस खलिक ने भूमियाधार स्थित भूस्खलन प्रभावित खूपी गांव का दौरा कर लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन से जुड़े रहने की सलाह दी है।

Ad
Continue Reading
You may also like...

More in उत्तराखंड