Connect with us

उत्तराखण्ड

लंबे समय बाद बारिश व बर्फबारी से बागवानों व कास्तकारों में राहत

Ad

चमोली। क्षेत्र में सितंबर माह के बाद पहली बार हुई बारिश और कनकचौरी व मोहनखाल क्षेत्र में दर्ज की गई हल्की बर्फबारी से ठंड में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। वहीं लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे काश्तकारों ने राहत की सांस ली है।
सितंबर के बाद बारिश न होने से क्षेत्र में सूखे जैसे हालात बन गए थे। इसका सीधा असर गेहूं, जौ और सरसों की फसलों के साथ-साथ सांग व अन्य सब्जियों की खेती पर पड़ रहा था। खेतों में नमी की कमी के चलते फसलें सूखने के कगार पर पहुँच गई थीं, जिससे काश्तकारों की छह माह की मेहनत पर पानी फिरने की आशंका बढ़ गई थी। इसके साथ ही भविष्य की खाद्यान्न सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं गहराने लगी थीं।
लंबे समय से जारी सूखी ठंड और धूल भरी हवाओं के कारण आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा था। सर्दी-जुकाम सहित मौसमी बीमारियों के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही थी। लेकिन शुक्रवार को मौसम के मेहरबान होने से हुई जोरदार बारिश और ऊँचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी ने हालात में बड़ा बदलाव ला दिया है।
बारिश से जहां फसलों को नया जीवन मिला है, वहीं लोगों को सूखी ठंड और उड़ती धूल से भी राहत मिली है। काश्तकारों का कहना है कि इस बारिश से गेहूं, जौ, सरसों और सांग सहित सब्जी फसलों को खासा लाभ पहुंचेगा। काश्तकार हर्षवर्धन सिंह चौहान, प्रकाश राणा, दिगपाल नेगी, गजेंद्र नेगी, बीरेंद्र सिंह नेगी, प्रदीप नेगी और मदन भंडारी सहित अन्य किसानों ने इसे खेती के लिए वरदान बताते हुए कहा कि यह बारिश समय पर मिली संजीवनी साबित हुई है।

Ad
Continue Reading
You may also like...

More in उत्तराखण्ड

Trending News