Connect with us

उत्तराखण्ड

भारतीय उद्योग परिसंघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की भेंट

Ad

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शुक्रवार को लोक भवन में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के मध्य राज्य के विकास, निवेश, कौशल विकास तथा समावेशी प्रगति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत संवाद हुआ। संवाद कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि उद्योग जगत केवल आर्थिक संपदा का निर्माण करने वाला क्षेत्र नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण, नवाचार, रोजगार सृजन और सामाजिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण भागीदार भी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को विकसित, आत्मनिर्भर और समावेशी राज्य बनाने में उद्योगों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य की विकास यात्रा केवल सरकार के प्रयासों से पूर्ण नहीं हो सकती, बल्कि इसके लिए सरकार, उद्योग, शिक्षा जगत और समाज के बीच मजबूत सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र विकास प्रक्रिया का केवल सहयोगी नहीं, बल्कि एक “स्ट्रेटेजिक फोर्स मल्टीप्लायर” है, जो निवेश, नवाचार, प्रबंधन क्षमता और तकनीकी दक्षता के माध्यम से विकास को गति देता है। राज्यपाल ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए सरकार, उद्योग, शिक्षा संस्थानों एवं प्रशासन के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आगामी बैठक में उद्योग, शिक्षा जगत और प्रशासन से जुड़े प्रतिनिधियों को साथ लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि उत्तराखण्ड के विकास के लिए ठोस एवं व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार की जा सके। बैठक के दौरान सीआईआई के सदस्यों ने औद्योगिक विकास, कौशल उन्नयन, निवेश संवर्धन तथा रोजगार सृजन से संबंधित विभिन्न सुझाव भी राज्यपाल के समक्ष रखे। इस अवसर पर सीआईआई उत्तराखण्ड के अध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Ad
Continue Reading
You may also like...

More in उत्तराखण्ड

Trending News