नैनीताल
प्रोन्नति रोके जाने से नाराज एरीज कर्मचारी संघ ने किया विरोध प्रदर्शन
नैनीताल। एरीज कर्मचारी संघ की ओर से ग्रुप बी व सी पदों की प्रोन्नति रोकने के खिलाफ गुरुवार को विरोध प्रर्दशन किया गया। इस मौके पर संघ के सभी सदस्यों ने बांह में काली पट्टी बांधकर एरीज प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज किया। संघ के महासचिव उदय सिंह रावत ने बताया कि एरीज प्रशासन के अनियमितताओं के खिलाफ जिस कार्मिकों ने भी आवाज उठाई, उसकी प्रोन्नति को रोक दिया गया। एरीज प्रशासन द्वारा इस तरह शोषण कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।
संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कर्मचारी एरीज प्रशासन के खिलाफ अपने हितों के लिए वर्ष 2013 से लगातार लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन लगातार प्रयास करने के बावजूद माननीय उच्च न्यायालय, उत्तराखण्ड, नैनीताल के आदेश के बावजूद इस समस्या का समाधान नहीं निकल पाया है। इससे कार्मिकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। कहा कि सभी एरीज कर्मचारी संघ के सदस्यों का प्रदर्शन इन अनियमितताओं के समाधान होने तक जारी रखा जाएगा।







