नैनीताल
नैनीताल वन विभाग द्वाराआयोजित चार दिवसीय बर्ड सर्वे का पद्मश्री अनूप साह ने किया शुभारंम । नैना देवी बर्ड कंजर्वेशन रिजर्व व सातताल क्षेत्र में पक्षी प्रजातियों की जानकारी जुटाई जाएगी।
नैनीताल। हिमालयन बॉटनिकल गार्डन नारायण नगर में ओरिएंटल ट्रेल्स संस्था और वन विभाग द्वारा चार दिवसीय बर्ड सर्वे की बुधवार को शुरुआत हुई। इस सर्वे के जरिए नैना देवी बर्ड कंजर्वेशन रिजर्व और सातताल क्षेत्र में पक्षी प्रजातियों की जानकारी जुटाई जाएगी। नैना देवी बर्ड कंजर्वेशन रिजर्व क्षेत्र में वन विभाग की ओर से यह आधिकारिक सर्वे का दूसरा चरण शुरू है। इस सर्वे में सात राज्यों के 43 बर्ड वॉचर्स प्रतिभाग कर रहे हैं। अगले चार दिनों तक 22 ट्रेलों पर विशेषज्ञ पक्षी प्रजातियों को कैमरों में कैद करेंगे।
मालूम हो कि वन विभाग की ओर से इससे पहले जून माह में इस क्षेत्र में पहले चरण का सर्वे किया गया था, जिसमें 201 पक्षी प्रजातियों को रिकॉर्ड किया जा चुका है। इसी क्रम में बॉटनिकल गार्डन नारायण नगर में नैनीताल वन प्रभाग और ओरिएंटल ट्रेल्स संस्था के संयुक्त सर्वे अभियान की शुरुआत की गई। बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पद्मश्री अनूप साह ने इस सर्वे का शुभारंभ किया। इस दौरान रेंजर अजय रावत ने क्षेत्र में पाए जाने वाले पक्षी प्रजातियों के बारे में देशभर से पहुंचे प्रतिभागियों को दी। उन्होंने बताया कि ओरिएंटल ट्रेल्स संस्था और वन विभाग द्वारा संयुक्त सर्वे आयोजित किया गया है। यह 19 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। बताया कि सर्वे में छत्तीसगढ़, केरल, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात के बर्ड वॉचर्स प्रतिभाग कर रहे हैं। इस दौरान ओरिएंटल ट्रेल्स संस्था के संस्थापक अमित सांकल्य, मिती सांकल्य, रेंजर प्रमोद तिवारी, विजय मेलकानी, सोनल पनेरू, अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।







