Connect with us

उत्तराखण्ड

दुष्कर्म के मामले में जांच की लापरवाही पर महिला एसआई निलंबित

हल्द्वानी। महिला अपराध से जुड़े एक गंभीर मामले में लापरवाही बरतना लालकुआं कोतवाली में तैनात महिला दारोगा को भारी पड़ गया। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने सख्त कार्रवाई करते हुए महिला उपनिरीक्षक अंजू नेगी को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से नैनीताल पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, लालकुआं कोतवाली में दर्ज दुष्कर्म के एक मामले की विवेचना के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं। आरोप है कि जांच के दौरान महिला दारोगा ने निष्पक्षता बरतने के बजाय आरोपी को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया, जिससे मामले की निष्पक्ष जांच पर सवाल खड़े हो गए।
अक्टूबर 2025 में एक युवती ने लालकुआं कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप था कि शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी महिला एसआई अंजू नेगी को सौंपी थी। विवेचना के दौरान आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का सही ढंग से पालन न किए जाने की बात सामने आई।
मामले की शिकायत जब उच्चाधिकारियों तक पहुंची तो एसएसपी ने तत्काल इसकी जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिससे पीड़िता को न्याय मिलने की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका जताई गई। इसके बाद एसएसपी ने महिला एसआई को निलंबित करने का आदेश जारी किया।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि महिला सुरक्षा और महिला अपराध से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, पक्षपात या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी स्तर पर जानबूझकर ढिलाई या आरोपी को लाभ पहुंचाने की कोशिश सामने आती है, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading
You may also like...

More in उत्तराखण्ड

Trending News