उत्तराखंड
*उत्तराखण्ड को अभिनव मत्स्य पालन प्रयोगों के लिए सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार*
उत्तराखण्ड को अभिनव मत्स्य पालन प्रयोगों के लिए विश्व मत्स्य पालन दिवस के अवसर पर, नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह मेंराष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (NFDB) द्वारा हिमालयी और उत्तर-पूर्वी राज्यों की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन, डेयरी, और पंचायतीराज राज्यमंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ लल्लन सिंह ने उत्तराखण्ड के सचिव पशुपालन और मत्स्य विभाग, डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को सौंपा।
उत्तराखण्ड के मत्स्य पालन विभाग ने राज्य में 1400 से अधिक ट्राउट रेसवेज स्थापित किए हैं, जो ट्राउट फार्मिंग को बढ़ावा देने के महत्वपूर्ण कदम हैं। इसके अलावा, मत्स्य सम्पदा योजना के तहत ऊधमसिंह नगर में एक राज्य स्तरीय एक्वापार्क और एक होलसेल मार्केट का निर्माण भी किया गया है। विभाग ने स्थानीय मछली पालकों के समूहों और आईटीबीपी के बीच मछली आपूर्ति के अनुबंध किए हैं, जिससे मछली पालन में सुधार की उम्मीद है।
इन अभिनव प्रयोगों और योजनाओं के कारण उत्तराखण्ड को इस पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर विभाग और मत्स्य पालकों को बधाई दी, और कहा कि राज्य सरकार किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अब इसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं।







